मालवा-निमाड़मुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा के पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर हमला, वरला थाने में शिकायत

सेंधवा-वरला मार्ग पर पत्थरबाजी से क्षतिग्रस्त हुआ वाहन, विधायक पुत्र राकेश रावत ने सोशल मीडिया पर जताई चिंता

जनोदय पंच। कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं सेंधवा के पूर्व विधायक  ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर अज्ञात बदमाशों द्वारा पत्थरबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्यारसीलाल रावत ने वरला पुलिस से मामले की लिखित शिकायत की है। वहीं विधायक पुत्र राकेश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक माहौल को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

मोहनपडावा नर्सरी के पास हुआ हमला

पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत ने वरला थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 27 मई 2026 की रात करीब 10 बजे वे सेंधवा से अपने गृहग्राम हिंगवा लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम मोहनपडावा (चुलपडावा) नर्सरी के पास अज्ञात बदमाशों ने उनके वाहन पर पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले को जांच में लिया गया है।

राकेश रावत ने सोशल मीडिया पर उठाए सवाल

घटना के बाद विधायक पुत्र राकेश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शालीनता पर चिंताजनक आघात बताया। पोस्ट में कहा गया कि ग्यारसीलाल रावत कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी अज्ञात लोगों ने उनके वाहन को निशाना बनाकर पत्थरबाजी की। अचानक हुए हमले से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। पोस्ट में कहा गया कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन हिंसा और भय का माहौल स्वीकार नहीं किया जा सकता। साथ ही प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!