सेंधवा; पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर पथराव, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वरला थाने पहुंच जताया विरोध
मोहनपाड़ा नर्सरी के पास हुई घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, सौंपा ज्ञापन

जनोदय पंच। सेंधवा अनुभाग के वरला थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर हुए पथराव के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, निगरानी मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
वरला थाने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
सेंधवा अनुभाग के वरला थाने पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर हुए पथराव के मामले में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शांताराम खरते और राकेश रावत ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का वातावरण है।
मोहनपाड़ा नर्सरी के पास हुआ हमला
घटना 27 मई की रात करीब 10 बजे की बताई गई। पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत अपने निजी वाहन से सेंधवा से गृहग्राम हिंगवा जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपाड़ा नर्सरी के पास अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में पूर्व विधायक द्वारा वरला थाने में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सेंधवा-वरला-बलवाड़ी मार्ग पर रात के समय हुई घटना को कानून व्यवस्था की विफलता बताया। नेताओं ने कहा कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। ज्ञापन में क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, मोहनपाड़ा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रिकालीन निगरानी मजबूत करने, शाहपुरा फाटे पर पुलिस चौकी स्थापित करने और पूर्व विधायक की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस दौरान अजय द्विवेदी, किशोर राठौड़, प्रदीप चौरसिया, आशाराम तरोले, संजय जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



