सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा के ट्रक चालक के बेटे ने रचा मिसाल, पांचवें प्रयास में प्रवीण मोरे का अग्निवीर में चयन

चार वर्षों की मेहनत लाई रंग, 28 जून से सिकंदराबाद में शुरू होगी सैन्य प्रशिक्षण की नई यात्रा

जनोदय पंच। सेंधवा के शहीद भीमा नायक कॉलोनी गोई निवासी प्रवीण मोरे का भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन हुआ है। ट्रक चालक बद्री मोरे के पुत्र प्रवीण ने लगातार चार वर्षों तक कड़ी मेहनत की और पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की। चयन की खबर से परिवार, मित्रों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पुराना एबी रोड स्थित शहीद भीमा नायक कॉलोनी गोई निवासी प्रवीण मोरे के पिता बद्री मोरे ट्रक चालक हैं और लंबे समय से परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रवीण ने भारतीय सेना में भर्ती होने का अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और लगातार तैयारी जारी रखी।

नियमित अभ्यास से मिली सफलता

प्रवीण ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह और शाम शहर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में अभ्यास करते थे। बचपन से फौजियों को देखकर उनके मन में सेना में शामिल होने की इच्छा थी। वर्षों की मेहनत के बाद उनका यह सपना साकार हुआ। प्रवीण सेंधवा शहर के दूसरे युवा हैं जिनका चयन अग्निवीर में हुआ है।

महू में पूरी की प्रक्रिया, अब सिकंदराबाद में प्रशिक्षण

प्रवीण ने महू स्थित आर्मी सेंटर में आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर ली है। उनकी ट्रेनिंग 28 जून से तेलंगाना के सिकंदराबाद में शुरू होगी, जिसके लिए वह जल्द रवाना होंगे। पिता बद्री मोरे ने बेटे के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका बेटा देश की सेवा करेगा और इससे बड़ी खुशी उनके लिए कोई नहीं है।

प्रशिक्षक ने सराहा अनुशासन और मेहनत

प्रवीण को शारीरिक प्रशिक्षण देने वाले आकाश पवार ने बताया कि वह बेहद मेहनती और अनुशासित युवक हैं। यह उपलब्धि उनके नियमित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। आकाश पवार अपनी अकादमी के माध्यम से युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं तथा प्रवीण उनकी अकादमी से अग्निवीर में चयनित होने वाले दूसरे युवा हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!