मारवाड़ी ब्राह्मण समाज ने अनुपयोगी बर्तनों का किया विक्रय
प्राप्त डेढ़ लाख रुपये मांगलिक भवन के विकास एवं सुविधाओं के विस्तार पर होंगे व्यय

सेंधवा। मारवाड़ी ब्राह्मण समाज की नवगठित कार्यकारिणी ने अपने कार्यकाल के प्रथम चरण में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय लेते हुए वर्षों से अनुपयोगी पड़े समाज के बर्तनों का विक्रय कर दिया। इस प्रक्रिया से समाज को लगभग डेढ़ लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसका उपयोग समाज के मांगलिक भवन में सुविधाओं के विस्तार एवं आगामी निर्माण कार्यों में किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि समाज के ये बर्तन पिछले डेढ़ दशक से भी अधिक समय से रामकटोरा मंदिर परिसर में रखे हुए थे। बदलते समय और केटरिंग व्यवस्था के प्रचलन के कारण इनका उपयोग लगभग बंद हो चुका था। लंबे समय से अनुपयोगी पड़े रहने के कारण बर्तनों में जंग लग रही थी तथा उनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी।
समाज के अध्यक्ष जयंत शर्मा ने बताया कि समाजहित को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अनुपयोगी संपत्ति को संरक्षित रखने के बजाय उसे समाज के विकास कार्यों में उपयोग किया जाए। इसी उद्देश्य से बर्तनों का विक्रय कर प्राप्त राशि को मांगलिक भवन के विकास, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार तथा भविष्य के निर्माण कार्यों हेतु सुरक्षित रखा गया है।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष जयंत शर्मा, उपाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, सचिव राजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष दामोदर शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सीताराम शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य राजेश जोशी, शिवप्रसाद शर्मा, लखिया शर्मा, अमर शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, महेश शर्मा, मुकेश शर्मा, सुनील शर्मा, पवन शर्मा, राजेश शर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
लगभग चार घंटे तक चले इस कार्य के दौरान सभी सदस्यों ने श्रमदान करते हुए बर्तनों को व्यवस्थित रूप से निकलवाकर विक्रय प्रक्रिया पूर्ण करवाई। उपाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने समाजजनों का आभार व्यक्त किया।



