सेंधवा शहर में अग्रवाल समाज महिला मंडल के सहयोग से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित, एसपी शुक्ल ने आमजन से किया सीधा संवाद, सुनीं समस्याएं एवं सुझाव
साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर पुलिस अधिकारियों द्वारा किया गया जागरूक

बड़वानी। “जनसंवाद – आपकी बात पुलिस के साथ” अभियान के अंतर्गत थाना सेंधवा शहर द्वारा अयोध्या विहार कॉलोनी, सेंधवा में अग्रवाल समाज महिला मंडल के सहयोग से पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सेंधवा श्री अजय वाघमारे, उप पुलिस अधीक्षक (अजा/अजजा) श्रीमती नीलेश्वरी डावर, थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक श्री दिनेश सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण निरीक्षक श्री ओमप्रकाश चोंगड़े सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस एवं जनता के मध्य समन्वय एवं विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि जनसंवाद का उद्देश्य पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग स्थापित करना है, जिससे समाज में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा अन्य जनसरोकार से जुड़े विषयों पर जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए आमजन से सुझाव एवं सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
🔷 इन प्रमुख विषयों पर पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई समझाइश
जनसंवाद के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

🔷 साइबर फ्रॉड से बचाव
उप निरीक्षक श्री रितेश खत्री द्वारा डिजिटल दौर में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड, लॉटरी स्कैम, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। उन्होंने “सजगता ही सुरक्षा है” का संदेश देते हुए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी साझा न करने की अपील की।
🔷 यातायात नियमों का पालन
यातायात थाना प्रभारी सूबेदार श्रीमती रजनी भार्गव द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर सभी को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने, नाबालिगों को वाहन न देने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

🔷 महिला सुरक्षा एवं अधिकार
उप पुलिस अधीक्षक (अजा/अजजा) श्रीमती नीलेश्वरी डावर द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने महिलाओं को किसी भी विषम परिस्थिति में निर्भीक होकर पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

🔷 सीसीटीवी कैमरों के महत्व एवं ऑपरेशन त्रिनेत्र की जानकारी
थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक श्री दिनेशसिंह कुशवाह द्वारा उपस्थित नागरिकों को सीसीटीवी कैमरों के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जनसहयोग से शहर में 25 नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
🔷 आयोजन में रही समाज के प्रबुद्ध जनों और मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति
जनसंवाद कार्यक्रम में अग्रवाल समाज महिला मंडल की वरिष्ठ नागरिक परामर्शदाता श्रीमती किरण तायल, श्रीमती मीना चोमूवाला, श्रीमती संतोष चोमूवाला, संरक्षक श्रीमती सुशीला सिंहल, श्रीमती निर्मला मंगल एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहीं। साथ ही अग्रवाल समाज के मुख्य परामर्शदाता श्री अजय मित्तल, संरक्षक श्री श्यामसुंदर ऐरन, श्री केदारमल गोयल, श्री नवीनचंद गोयल, अध्यक्ष श्री राजेंद्र नरेडी, उपाध्यक्ष श्री दीपक गर्ग एवं श्री सुशील चौमूवाला, सचिव श्री संजय गोयल, कोषाध्यक्ष श्री राजकुमार मंगल, सहसचिव श्री विजेंद्र गोयल, प्रवक्ता श्री मुकेश गोयल, प्रचार मंत्री श्री अर्पित तायल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बरवाड़ी संगठन से श्री कृष्ण जोशी, श्रीमती मधु तायल, श्रीमती यति वर्मा, श्रीमती निर्मला वर्मा, श्रीमती ज्योति सोनी, डॉ. निहारिका सक्सेना एवं श्रीमती संगीता मंगल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान समाज के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपने सुझाव एवं विचार रखे, जिन्हें अधिकारियों द्वारा गंभीरता से सुना गया।
🔷 खाकी का डर दूर कर सुरक्षा का अहसास कराया
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सुनीता मुजाल्दा, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनके मन से खाकी के प्रति भय दूर करने तथा सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करने का प्रयास किया। उपस्थित नागरिकों ने बड़वानी पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समाज में जागरूकता, सुरक्षा एवं विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
पुलिस आपकी मित्र है। इस प्रकार के जनसंवाद कार्यक्रमों से न केवल अपराधों पर अंकुश लगाने में सहायता मिलती है, बल्कि समाज में सुरक्षित, भयमुक्त एवं सहयोगात्मक वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।



