बड़वानी: निमाड़ गोल्ड कप 2026 ट्रॉफी का अनावरण, ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ शुभारंभ
12 से 15 फरवरी तक मिडिल स्कूल मैदान में होगा निमाड़ गोल्ड कप 2026

जनोदय पंच। बड़वानी में यंग ब्रदर्स फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित निमाड़ गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 की ट्रॉफी का अनावरण ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ किया गया। टूर्नामेंट 12 से 15 फरवरी तक मिडिल स्कूल फुटबॉल मैदान में खेला जाएगा। कार्यक्रम में राजन मंडलोई सहित कई अतिथि शामिल हुए।
बड़वानी में यंग ब्रदर्स फुटबॉल क्लब के आयोजित ‘निमाड़ गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ किया गया। ट्रॉफी अनावरण के साथ ही टूर्नामेंट के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई। आयोजकों के अनुसार यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 12 से 15 फरवरी तक मिडिल स्कूल फुटबॉल मैदान में आयोजित होगा।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राजन मंडलोई शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा उपाध्यक्ष रविंद्र कुलकर्णी, एएसपी धीरज बब्बर, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोइनुद्दीन खान और अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी मधुबाला अलावा ने शिरकत की। अतिथियों ने ट्रॉफी का अनावरण कर खेल आयोजन की शुरुआत को सराहा।

फुटबॉल संस्कृति पर खुशी, समिति को बधाई
एएसपी धीरज बब्बर ने बड़वानी में बढ़ती फुटबॉल संस्कृति पर खुशी जताई। वहीं रविंद्र कुलकर्णी ने जमीनी स्तर पर खेल को प्रोत्साहित करने के लिए समिति को बधाई दी।
विधायक राजन मंडलोई ने कहा कि मंच पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि बड़वानी की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रही हैं। उन्होंने यंग ब्रदर्स फुटबॉल क्लब के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे दशकों से शहर में फुटबॉल का विकास देख रहे हैं।
गोपाल काग ने प्रस्तुत की टूर्नामेंट रूपरेखा
समारोह के दौरान गोपाल काग ने टूर्नामेंट की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यह निमाड़ क्षेत्र का सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल आयोजन है, जिसमें खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की विशेष भागीदारी रहती है।




