सेंधवा के किसान पुत्र ने 10वीं में रचा कीर्तिमान, 92.6% अंकों के साथ स्कूल में प्रथम, बिना ट्यूशन हासिल किए 463 अंक, गणित में 100 में 100; इंजीनियर बनने का लक्ष्य

सेंधवा। सेंधवा बालक हाई स्कूल (हॉस्टल) के छात्र प्रवीण पंवार ने कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा में 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। ग्राम धावड़ी निवासी प्रवीण ने स्थानीय छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के स्वअध्ययन के बल पर 500 में से 463 अंक अर्जित किए, वहीं गणित विषय में पूर्ण 100 में से 100 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रवीण के पिता बाटा पंवार पेशे से कृषक हैं और खेती-किसानी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्र की इस सफलता को क्षेत्र में प्रेरणादायक माना जा रहा है। प्रवीण ने आगे गणित विषय लेकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने की इच्छा जताई है।
छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य अमिता जोधपुरकर ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शिक्षक हितेश गुप्ता, जाकिर शेख, विकास सिंगोरिया, रोशनी मैडम, अनिता चतुर्वेदी, रेखा गुजरे, सुबोध मोरे एवं जयसिंह सोनेने ने भी प्रवीण को शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में पढ़ाई के दौरान किसी भी प्रकार की आर्थिक समस्या आने पर संस्था द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

परीक्षा परिणाम भी रहा बेहतर
सेंधवा बालक हाई स्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 82 प्रतिशत रहा। इसमें 21 छात्र प्रथम श्रेणी, 21 छात्र द्वितीय श्रेणी तथा 4 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



