मुख्य खबरेमध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में प्रचंड गर्मी का कहर, खजुराहो में 46 डिग्री रिकॉर्ड, कई जिलों में स्कूल बंद और हीट वेव अलर्ट जारी

बुरहानपुर और श्योपुर में प्रशासन ने छुट्टियां घोषित कीं, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खजुराहो में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

छतरपुर, बुरहानपुर और श्योपुर सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। ज्यादातर शहरों में नौतपा जैसी गर्मी पड़ रही है। खजुराहो में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात ऐसे हैं कि गर्मी के कारण पक्षियों के जमीन पर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जबकि मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और हल्की बारिश से मामूली राहत की संभावना जताई है।

बुरहानपुर में प्रशासनिक फैसला

बुरहानपुर में कलेक्टर हर्ष सिंह ने भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों का समय बदलने के साथ स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। 28 अप्रैल से 2 मई तक आंगनवाड़ी केंद्र आंशिक रूप से बंद रहेंगे। कलेक्टर के आदेश में कहा गया है, ” वर्तमान में प्रदेश में मौसम परिवर्तन यथा तापमान में अत्यधिक वृद्धि भीषण गर्मी, बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत हितग्राहियों के हित में आंगनवाड़ी केन्द्र को दिनांक 28/04/2026 से 02/05/2026 तक आंशीक रूप से बंद किया जाता है, यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागु किया जाए, जो 2 मई तक प्रभावी रहेगा.”
इसके अलावा नर्सरी से 8वीं तक के सभी सरकारी, निजी, सीबीएसई, आईसीएसई और मदरसों में छुट्टी घोषित की गई है।

खजुराहो और अन्य शहरों की स्थिति

खजुराहो और नौगांव में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने 12 जिलों में आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी तापमान 41 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है।

श्योपुर में छुट्टी और सलाह

श्योपुर में कलेक्टर शीला दाहिमा ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 28 अप्रैल से 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया है। यहां तापमान 43 डिग्री पार कर चुका है और लू के कारण जनजीवन प्रभावित है।
स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉक्टर दिलीप सिंह सिकरवार ने बताया, ” इस समय भीषण गर्मी का कहर श्योपुर ही नहीं बल्कि कई जिलों में बना हुआ है. लोगों को सलाह दी जा रही है कि बच्चे और बुजुर्ग भीषण गर्मी में बाहर न निकलें. अगर जरूरी काम से अगर बाहर निकल रहे हैं तो चेहरे व सिर को ढक कर निकलें और खूब पानी पिएं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!