ग्वालियर झांसी हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बिजली तार गिरते ही धधकी कार में दो युवक जिंदा जले
ग्वालियर लौटते समय कार बनी आग का गोला, डबरा के पास खंभे से टक्कर में दो की मौत

जनोदय पंच। ग्वालियर में शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार डबरा के पास बिजली खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। कार में रखे पटाखों के कारण आग तेजी से फैली और अवधेश विश्वकर्मा व रामजी सोनी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि अविनाश झा बच गए।
हादसे के बाद कार में लगी भीषण आग
मंगलवार रात करीब दो बजे झांसी हाईवे पर डबरा स्थित अर्रू तिराहे के पास तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूट गया और 11 केवी लाइन के तार कार पर गिर गए। तारों से निकली चिंगारी के बाद कार में आग लग गई। कार में बरात की आतिशबाजी में बचे पटाखे भी रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। राहगीरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कार पूरी तरह जल गई।
पीछे का गेट खुलने से बची जान
हादसे में छतरपुर निवासी अवधेश विश्वकर्मा (32) पुत्र मनमोहन विश्वकर्मा और शिवपुरी निवासी रामजी सोनी (33) पुत्र चंद प्रकाश सोनी की मौत हो गई। अवधेश की शिवपुरी के बामोरकला में ससुराल है। अवधेश, उनके साले अविनाश पुत्र रमेश कुमार झा और रामजी सोनी ग्वालियर में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार अवधेश चला रहे थे। आशंका है कि उन्हें नींद का झोंका आया। टक्कर के दौरान पीछे का गेट खुलने से पीछे बैठे अविनाश बाहर गिर गए और उनकी जान बच गई, जबकि आगे बैठे अवधेश और रामजी कार में फंस गए।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
फाइनेंस का काम करने वाले अवधेश विश्वकर्मा की दो साल पहले शादी हुई थी। उनकी नौ माह की बेटी है। वहीं रामजी सोनी सोने-चांदी का व्यापार करते थे। उनके परिवार में तीन छोटी बेटियां हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।



