बड़वानी-सेंधवा में धूमधाम से हुआ गणेश विसर्जन, ढोल-ताशों की धुन पर झूमे श्रद्धालु
बड़वानी में 2000 से अधिक प्रतिमाओं का नर्मदा कुंड में विसर्जन, सेंधवा में गोई नदी और घटिया पटिया पर रही व्यवस्था

बड़वानी/सेंधवा। अनंत चतुर्दशी पर गणेश उत्सव के समापन के साथ शुक्रवार को बड़वानी और सेंधवा में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला धूमधाम से चला। दोनों शहरों में श्रद्धालु ढोल-ताशों और भक्ति गीतों के साथ गणेश प्रतिमाएं लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

बड़वानी में नर्मदा कुंड में विसर्जन
बड़वानी में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु राजघाट रोड स्थित पुराने फिल्टर प्लांट परिसर में बनाए गए नर्मदा कुंड पहुंचे। यहां विधि-विधान से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस वर्ष शहर के घरों और दुकानों में स्थापित 2000 से अधिक प्रतिमाओं तथा 71 छोटे-बड़े पंडालों में विराजे गणेशजी का विसर्जन किया गया। इनमें 11 मुख्य बड़े पंडाल शामिल थे।

सेंधवा में गोई नदी और घटिया पटिया पर व्यवस्था
सेंधवा में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए घटिया पटिया और गोई नदी पर विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और आरती के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विसर्जन जुलूस में युवा और बच्चे ढोल-ताशों तथा धार्मिक गीतों पर झूमते हुए नजर आए। जगह-जगह गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे।

पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दोनों शहरों में पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। बड़वानी में विसर्जन कुंड के प्रवेश द्वार और कुंड पर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही। वहीं सेंधवा में डीआईजी निमाड़ रेंज, खरगोन शिमाला प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने झांकी मार्ग और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया।

नर्मदा को स्वच्छ रखने की अपील
नगर पालिका परिषद बड़वानी की सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया कि पुराने फिल्टर प्लांट परिसर में मां नर्मदा कुंड पर व्यवस्थित विसर्जन कुंड तैयार किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने श्रद्धालुओं से नर्मदा नदी के मुख्य प्रवाह और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने तथा प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कुंड में ही करने की अपील की।




