सेंधवा में रात 12 बजे बाद निकला झांकियों का कारवां, ढोल-ताशों पर झूमे युवा
अनंत चतुर्दशी पर सुबह 7 बजे तक चला झांकियों का चल समारोह, बारिश थमने के बाद मोतीबाग चौक से शुरू हुआ कारवां

जनोदय पंच। सेंधवा में अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं और झांकियों का भव्य चल समारोह निकला। बारिश के बाद रात 12 बजे मोतीबाग चौक से शुरू हुआ कारवां सुबह 7 बजे तक चला। ढोल-ताशों और भजनों पर युवा झूमते रहे, वहीं शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग पहुंचे।

बारिश के बाद शुरू हुआ झांकियों का कारवां
अनंत चतुर्दशी पर शहर के गणेश मंडलों की झांकियां और प्रतिमाएं मोतीबाग चौक पहुंचीं। रात 10 बजे 15 मिनट तेज बारिश हुई, जिसके बाद देर रात तक रिमझिम बारिश चलती रही। बारिश रुकने के बाद रात 12 बजे झांकियों का चल समारोह शुरू हुआ, जो सुबह 7 बजे तक चला। ढोल-ताशों और भजनों पर युवाओं ने जमकर उत्साह दिखाया।

श्रीकृष्ण लीलाओं और विकास की झांकियां रहीं आकर्षण
श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और नगर विकास की झांकियां आकर्षक रहीं। इन्हें अंतरसिंह आर्य और बसंती बाई ने हरी झंडी दिखाई। महाकाल भस्म आरती, शिव-पार्वती विवाह, मां नर्मदा सहित 10 से अधिक झांकियां निकाली गईं। दो अखाड़ों के कलाकारों ने भी करतब दिखाए। सेंधवा और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग झांकियां देखने पहुंचे।

पंडाल और स्थाई झांकियां देखने उमड़ी भीड़
दिनेश गंज दारूगोदाम एकता संगठन द्वारा प्रेम मंदिर की प्रतिकृति पर आधारित पंडाल और श्रीकृष्ण लीलाओं की स्थाई झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। किला गेट स्थित प्राचीन श्री गणेश मंदिर में महाआरती के बाद 151 किलो लड्डू का भोग लगाकर प्रसादी का वितरण किया गया। जवाहरगंज में सेंधवा चा राजा मंडल ने श्रद्धालुओं को गर्म भजिए और छांछ का वितरण किया।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन रहा मौजूद
चल समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम किए। डीआईजी सिमाला प्रसाद ने सेंधवा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी, एडिशनल एसपी और एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।





