शाजापुर से मुरैना तक कांग्रेस का चक्काजाम, किसानों की मांगों पर मप्र के कई हाईवे घंटों थमे, ग्वालियर, इंदौर,खलघाट और शाजापुर में कांग्रेस का सड़क सत्याग्रह, हजारों वाहन जाम में फंसे
फसल खरीदी, एमएसपी और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, कई जिलों में हाईवे पर उतरे कार्यकर्ता।

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में चक्काजाम आंदोलन किया। शाजापुर, ग्वालियर, इंदौर, महू, मुरैना सहित कई जिलों में हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के चलते हजारों वाहन फंसे रहे और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई जिलों में हाईवे जाम, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क सत्याग्रह किया। शाजापुर के रोजवास टोल प्लाजा, ग्वालियर के निरावली तिराहे, इंदौर बायपास, महू और मुरैना सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए। खलघाट से मुरैना तक करीब 580 किलोमीटर के दायरे में सात प्रमुख स्थानों पर जाम लगाया गया। प्रदर्शन के दौरान हजारों लोग और वाहन जाम में फंसे रहे। शादी समारोह में जा रहे परिवारों सहित आम यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रोजवास टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज दबाई जा रही है और जरूरत पड़ी तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को गेहूं बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और स्लॉट बुकिंग व टोकन सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। रोजवास टोल प्लाजा पर तराना विधायक महेश परमार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ट्रैक्टर हटाने को लेकर नोकझोंक भी हुई। पटवारी और हरीश चौधरी ट्रैक्टर पर बैठकर कार्यकर्ताओं से मिले।

पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट मोड पर
प्रदर्शन को देखते हुए शाजापुर, मुरैना, ग्वालियर और इंदौर सहित कई जिलों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। शाजापुर में 14 थाना प्रभारियों सहित करीब 300 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। मुरैना में एसपी धर्मराज मीणा ने चेतावनी दी कि जबरन जाम लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल एसपी ग्रामीण रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया।
धार जिले के एबी रोड पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
हीं धार जिले के एबी रोड पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार किसानों की आवाज बुलंद करते नजर आए। धरमपुरी के पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा और गंधवानी विधायक हनी बघेल सहित कई कांग्रेस नेता आंदोलन में शामिल हुए। किसानों ने भीषण गर्मी के बीच सड़क पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।



