सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत कार्यशाला, चार श्रेणियों में कचरा अलग करने की दी जानकारी

आयकर कार्यालय में नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की जानकारी देकर जनभागीदारी की अपील

आपके कार्यालय, समाज और धार्मिक आयोजनों की खबरें (फोटो, वीडियो व जानकारी) हमें वॉटसअप पर भेजें। आवश्यक संपादन के बाद हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत नागरिकों की जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की जानकारी दी गई। नागरिकों से कचरे का वर्गीकरण कर स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई।

नागरिकों को चार श्रेणियों में कचरा अलग करने की जानकारी

आयकर कार्यालय सेंधवा में आयोजित कार्यशाला में स्वच्छता अभियान को दृढ़ता से लागू करने को लेकर नागरिकों को समझाइश दी गई। कार्यशाला का आयोजन प्रधान आयकर आयुक्त-1 इंदौर प्रवीण रावल के निर्देशन एवं संयुक्त आयकर आयुक्त परिक्षेत्र-4 इंदौर डॉ. कपिल कपूर के मार्गदर्शन में किया गया।

आयकर अधिकारी सेंधवा पवन कुमार यादव ने उपस्थित जनों को बताया कि स्वच्छता से स्वास्थ्य पर अनुकूल प्रभाव पड़ता है, वहीं पर्यावरण का संतुलन भी बना रहता है। उन्होंने बताया कि अभी तक घरों और अन्य स्थानों पर कचरे को दो भागों में विभाजित करने की व्यवस्था थी, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लाया गया है, जिसके तहत अब कचरे को चार भागों में वर्गीकृत करने का नियम बनाया गया है।

गीला, सूखा, सेनेटरी और स्पेशल केयर कचरा

पवन कुमार यादव ने बताया कि पहला गीला कचरा, दूसरा सूखा कचरा, तीसरा सेनेटरी कचरा है, जिसमें डायपर और सेनेटरी पैड जैसी वस्तुएं आती हैं। चौथा स्पेशल केयर कचरा है, जिसमें बल्ब, बैटरी और अवधि समाप्त वाली दवाइयां शामिल हैं। इन्हें अलग-अलग बकेट में डालकर कचरा गाड़ियों में डालना चाहिए, ताकि अनेक वस्तुओं का रीसाइक्लिंग यानी पुनर्चक्रण कर उनका उपयोग किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इसके लिए जन सहयोग अपेक्षित है। यह व्यवस्था स्थानीय नगर पालिका या नगर निगमों द्वारा लागू की जाएगी, लेकिन इसमें जनसहभागिता आवश्यक है। उपस्थित नागरिकों से अपने माध्यम से जागरूकता अभियान में सहभागी बनकर मिशन को सफल बनाने की अपील की गई।

बी.एल. जैन ने जनभागीदारी को बताया जरूरी

वरिष्ठ कर सलाहकार बी.एल. जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए शासन कानून बना सकता है, लेकिन उसकी सफलता जनभागीदारी होने पर ही सकारात्मक परिणाम देती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस संबंध में जो गाइडलाइन जारी की है, उसका फायदा सभी को मिलना है।

उन्होंने नागरिकों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिचितों को भी इस मामले में जागरूक करने की पहल करने की बात कही। बी.एल. जैन ने कहा कि सरकार द्वारा स्वच्छता के लिए 2017 से देश में विशेष अभियान चलाया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। नए वर्गीकरण के अनुसार इसे मजबूती से लागू कर सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है।

सुनील पवार ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में आयकर निरीक्षक सुनील पवार ने उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में किराणा एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मित्तल, मनोज सिंघल, दिलीप मंगल, योगेश जैन, आशीष मंगल सहित नागरिकगण उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!