बड़वानी में जन सुरक्षा युवा संवाद का समापन, विद्यार्थियों को साइबर ठगी, नशे और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
शहीद भीमा नायक महाविद्यालय में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं को मिले प्रशस्ति पत्र, पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों ने सुरक्षा व सामाजिक जिम्मेदारियों की दी जानकारी

जनोदय पंच। बड़वानी के शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जन सुरक्षा युवा संवाद कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर ठगी, नशे से बचाव, कानूनी प्रावधानों और मानसिक स्वास्थ्य की जानकारी दी गई। उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी में 31 अक्टूबर को ‘जन सुरक्षा युवा संवाद’ कार्यक्रम का समापन एवं प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी रोहित अलावा, डीएसपी कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निंगवाल और श्रीमती अनिता चोयल शामिल रहे। विशेष वक्ता डॉ. अविनाश वानखेड़े मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. धीरज कुमार वर्मा ने की।
साइबर ठगी और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
मुख्य अतिथि प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों के पालन और हेलमेट पहनने की महत्ता बताई। उन्होंने साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट से बचाव, नशे से दूरी बनाए रखने तथा महत्वपूर्ण कानूनी धाराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने विद्यार्थियों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम एवं अन्य सुरक्षात्मक कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने का आह्वान किया।
मानसिक स्वास्थ्य और परीक्षा के तनाव पर दिया व्याख्यान
विशेष वक्ता डॉ. अविनाश वानखेड़े ने मानसिक स्वास्थ्य, कल्याण एवं आत्महत्या की रोकथाम जैसे संवेदनशील विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहने, परीक्षा के दबाव से बचने और पढ़ाई पर पूरी तरह केंद्रित रहने के व्यावहारिक उपाय बताए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. धीरज कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति के ऐतिहासिक योगदान को भी रेखांकित किया।

उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को मिले प्रशस्ति पत्र
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ‘जन सुरक्षा युवा संवाद’ अभियान में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।
समारोह का संचालन प्रोफेसर वीरेंद्र मुजाल्दे ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रोफेसर मनीषा धारवाल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. लक्ष्मण रजाने, प्रोफेसर रितु कुमरावत, प्रोफेसर अर्चना पिपलाद, डॉ. रणजीत मेवाड़े, विक्रम सिसोदिया सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



