सेंधवा में दीपावली पूर्व खाद्य प्रतिष्ठानों पर की गई नमूना कार्रवाई
खाद्य पदार्थ ढंककर नहीं रखने एवं साफ-सफाई नहीं पाए जाने के चलते सुधार के नोटिस दिए गए।

सेंधवा। माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच, खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में आज सेंधवा अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित दल के द्वारा सेंधवा में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ए.बी. रोड़ स्थित श्याम दूध डेयरी से मावा और दूध के नमूने, मौलाना आजाद मार्ग स्थित हारून बाबा होटल से सोयाबीन तेल और बेसन के नमूने तथा जवाहर गंज स्थित लोकेश्वरी ट्रेडर्स से सोयाबीन तेल का नमूना गुणवत्ता की जांच हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा लिये गये।

निरीक्षण के दौरान श्याम दूध डेयरी एवं हारून बाबा होटल में आवश्यक साफ सफाई नहीं पाई गई और खाद्य पदार्थ ढंककर रखे नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। निर्धारित अवधि में सुधार सूचना पत्र का अनुपालन नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति के निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है। खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे है। जांच रिपोर्ट एवं प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सेंधवा श्री हितेंद्र भावसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज अंचल एवं पटवारी श्री मुकेश खरते एवं जितेंद्र जमरा उपस्थित रहे।




