बड़वानी में रन फॉर यूनिटी से दिया एकता और स्वास्थ्य का संदेश, प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
शहीद भीमा नायक महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना ने आयोजित की विभिन्न प्रतियोगिताएं, 125 स्वयंसेवकों और 35 प्राध्यापकों ने लिया सहभागिता

जनोदय पंच। बड़वानी के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्राचार्य ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। आयोजन में 125 स्वयंसेवकों और 35 प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों ने प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य के आदेशानुसार विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। इनमें रन फॉर यूनिटी, शपथ ग्रहण, भाषण प्रतियोगिता, स्लोगन एवं प्रश्नोत्तर प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
प्राचार्य ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने उपस्थित प्राध्यापकों एवं स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ. धीरज कुमार वर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने में उनके ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया।
नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मला मौर्य ने संचालन करते हुए कहा कि रन फॉर यूनिटी के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
डॉ. रणजीत सिंह मेवाड़े ने कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, आपसी सद्भाव, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित होना चाहिए। डॉ. रंजना चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय एकता की भावना और स्वस्थ नागरिक ही सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का आधार हैं।
125 स्वयंसेवकों और 35 प्राध्यापकों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वीरेंद्र मुजाल्दा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला संघटक डॉ. आरएस मुजाल्दा सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आशा साखी गुप्ता, डॉ. सपना सोनी, डॉ. पुष्पा चौहान, एनसीसी कैप्टन डॉ. एमएस मोरे, डॉ. सुप्रिया चौहान, डॉ. अर्चना सिसोदिया, डॉ. डेविड स्वामी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
आयोजन में 125 स्वयंसेवकों एवं 35 प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।



