बड़वानी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकली रन फॉर यूनिटी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने दिखाई हरी झंडी
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कारंजा चौराहा से ओलंपिक चौराहा तक निकाली एकता दौड़, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने लिया हिस्सा

जनोदय पंच। बड़वानी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। कारंजा चौराहा से शुरू हुई दौड़ ओलंपिक चौराहा स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर संपन्न हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को बड़वानी पुलिस प्रशासन द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) आयोजित की गई।
कारंजा चौराहा पर दौड़ प्रारंभ होने से पहले उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया।
अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने लिया हिस्सा
एकता दौड़ में जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, अपर कलेक्टर हेमलता सोलंकी, एसडीएम भूपेंद्र रावत, एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा, डीएसपी महिला सुरक्षा कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल और नगरपालिका सीएमओ सोनाली शर्मा शामिल हुए।
इसके अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बड़वानी के शिक्षक एवं विद्यार्थी, अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी, विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

‘एकता के लिए कदम, भारत के लिए कदम’ का दिया संदेश
एकता दौड़ कारंजा चौराहा से प्रारंभ होकर ओलंपिक चौराहा स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने ‘एकता के लिए कदम, भारत के लिए कदम’ का संदेश देते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के निर्धारित मार्ग पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इसके चलते आयोजन सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना मजबूत करना उद्देश्य
कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान का स्मरण करना तथा समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द और देशप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।



