पानसेमल के दोदवाड़ा में सीएम राइस विद्यालय हेतु आवासीय परिसर निर्माण के लिए विधायक श्याम बरडे ने देखा स्थल
सीएम राइस विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए 100-100 सीटर आवासीय परिसर निर्माण को लेकर भूमि का अवलोकन किया गया।

जनोदय पंच। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत दोदवाड़ा स्थित सांदीपनि सीएम राइस विद्यालय में प्रस्तावित आवासीय परिसर निर्माण के लिए भूमि का निरीक्षण किया गया। विधायक श्याम बरडे ने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवास और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता बताया। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आवासीय परिसर निर्माण की तैयारी
पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक श्याम बरडे ने ग्राम पंचायत दोदवाड़ा स्थित नवनिर्मित सांदीपनि सीएम राइस विद्यालय के बालक एवं बालिकाओं हेतु प्रस्तावित 100-100 सीटर आवासीय परिसर निर्माण के लिए भूमि का अवलोकन किया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अपनी टीम सहित उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेता मनोहर पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शासकीय भूमि का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थल चयन में सहभागिता निभाई।

शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार
विधायक श्याम बरडे ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवास और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर चंद्रकांत महाजन, प्रकाश जोशी, सरपंच रामलाल परमार, भरत भाई वारुडे, जालम सिंह पण्ड्या, किशोर वारुडे सहित कई कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



