बड़वानी में विश्व हृदय दिवस पर स्कूल में शिक्षक की अचानक मौत, डॉक्टर ने साइलेंट हार्ट अटैक बताया
स्कूल में काम के दौरान बेहोश होकर गिरे 45 वर्षीय शिक्षक, अस्पताल पहुंचने से पहले थम चुकी थीं सांसें

आपके कार्यालय, समाज और धार्मिक आयोजनों की खबरें ( फोटो, वीडियो व जानकारी ) हमें वॉटसअप पर भेजें। आवश्यक संपादन के बाद हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।
रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। विश्व हृदय दिवस पर अंजड़ के निजी स्कूल में कार्यरत 45 वर्षीय शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। काम के दौरान वे बेहोश होकर गिर पड़े थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित किया।
स्कूल परिसर में बिगड़ी तबीयत
बड़वानी जिले के अंजड़ स्थित साकेत इंटरनेशनल स्कूल में पदस्थ 45 वर्षीय शिक्षक दीपेश परसाई की स्कूल में ही हार्ट अटैक आने से अचानक मौत हो गई। मंगलवार सुबह स्कूल में काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर ने बताया साइलेंट हार्ट अटैक
इलाज करने वाले डॉक्टर गौरव गुप्ता ने बताया कि जब दीपेश परसाई को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। उन्हें पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर (BP) की शिकायत थी और अतीत में भी एक बार हार्ट अटैक आ चुका था। डॉक्टर के मुताबिक, इस बार स्कूल परिसर में ही उन्हें साइलेंट हार्ट अटैक आया, जो जानलेवा साबित हुआ।

10-12 वर्षों से स्कूल में दे रहे थे सेवाएं
दीपेश परसाई मूल रूप से राजपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में बड़वानी की सुखविलास कॉलोनी में रह रहे थे। वे पिछले 10-12 वर्षों से साकेत इंटरनेशनल स्कूल में बतौर लाइब्रेरियन सेवाएं दे रहे थे। 45 वर्षीय दीपेश परसाई अपने पीछे पत्नी और बेटे को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम राजपुर में किया जाएगा।



