सेंधवा में डायल 112 टीम ने मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को खोजकर परिजनों से मिलाया
हाथ पर गुदे ‘रुस्तम’ नाम से हुई पहचान, पुलिस टीम ने पानी पिलाकर विश्वास जीता और सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया

आपके कार्यालय, समाज और धार्मिक आयोजनों की खबरें ( फोटो, वीडियो व जानकारी ) हमें वॉटसअप पर भेजें। आवश्यक संपादन के बाद हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।
रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा शहर में डायल 112 टीम ने सूचना मिलने के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को सुरक्षित खोजकर उसके परिजनों तक पहुंचाया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति से बातचीत की, पानी पिलाया और हाथ पर लिखे नाम से उसकी पहचान कर परिजनों को सौंप दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम
डायल 112 कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि ग्राम बापदड़ निवासी कॉलर सुनील जाधव के घर में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति हाथ में डंडा लेकर घुस गया है। वह बाहर निकलने को तैयार नहीं है और परिजनों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन में तैनात प्रधान आरक्षक सौदान सिंह चौहान, आरक्षक संतोष भाबर और पायलट दीपक पाटिल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए शांत और सूझबूझ के साथ मामले को संभाला।
पुलिस टीम ने मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति से आत्मीयता से बातचीत की और उसे पानी पिलाया। बातचीत के दौरान टीम ने उसका विश्वास जीतने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस की नजर उसके हाथ पर गुदे टैटू में लिखे नाम ‘रुस्तम’ पर पड़ी। ‘रुस्तम’ नाम के सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने आसपास के थानों, धनौरा और निकटवर्ती क्षेत्रों में संपर्क किया। सघन पूछताछ के बाद व्यक्ति की पहचान रुस्तम निंगवाले, उम्र 45 वर्ष, पिता बाथू निंगवाले, निवासी ग्राम रामकुला, चौकी चाचरिया, थाना सेंधवा ग्रामीण के रूप में हुई।
छोटे भाई को बुलाकर किया सुरक्षित सुपुर्द
पहचान स्पष्ट होने के बाद पुलिस टीम ने रुस्तम निंगवाले के छोटे भाई डुमसिंह निंगवाले, उम्र 35 वर्ष, से संपर्क किया। इसके बाद डायल 112 वाहन के माध्यम से उन्हें धनौरा लाया गया। परिजनों की मौजूदगी में रुस्तम निंगवाले को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
रुस्तम को सुरक्षित पाकर छोटे भाई डुमसिंह निंगवाले और पूरे परिवार ने सेंधवा शहर पुलिस तथा डायल 112 टीम की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।




