इंदौर की नीट परीक्षार्थी निक्की यादव का शव महेश्वर में मिला, आखिरी कॉल के बाद हुई थी लापता
री-नीट परीक्षा देकर लौट रही छात्रा का शव नर्मदा में मिला, पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी।

जनोदय पंच। इंदौर की 20 वर्षीय छात्रा निक्की यादव, जो री-नीट परीक्षा देने के बाद लापता हो गई थी, उसका शव खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र में नर्मदा नदी में मिला। छात्रा ने लापता होने से पहले पिता को फोन कर जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। मामले की जांच जारी है।
इंदौर निवासी 20 वर्षीय छात्रा निक्की यादव महू सेंटर पर री-नीट परीक्षा देने गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद भंवरकुआं पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
पेशे से अकाउंटेंट रामानंद यादव (53) ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे निक्की यादव ने किसी राहगीर के मोबाइल से फोन किया था। उसने बताया था कि उसका मोबाइल बंद हो गया है और वह बस से भंवरकुआं चौराहे तक पहुंच चुकी है। साथ ही उसने कहा था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच जाएगी।
बड़वाह में मिली अंतिम लोकेशन
काफी समय बीतने के बाद भी छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने रिश्तेदारों, सहेलियों और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा की अंतिम लोकेशन बड़वाह क्षेत्र में मिली। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे महेश्वर के करही थाना क्षेत्र स्थित पीटामली नर्मदा तट पर ग्रामीणों ने एक युवती का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। हुलिए और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान निक्की यादव के रूप में की गई।
पुलिस कर रही परिस्थितियों की जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि परीक्षा के बाद छात्रा बड़वाह पहुंची और नर्मदा पुल से नदी में छलांग लगा दी। थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। भंवरकुआं और करही पुलिस संयुक्त रूप से मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



