खरगोन-बड़वानी

ठीकरी में 1 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है: सांसद गजेंद्र सिंह पटेल

बड़वानी; जिले के अंतर्गत नगर परिषद ठीकरी में 1 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन क्षेत्रीय सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद श्री पटेल ने अपनी सांसद निधि से विभिन्न ग्राम पंचायतों को जलापूर्ति हेतु पानी के टैंकर भी वितरित किए। इन विकास कार्यों से नगर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को सुलभ और बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

शिक्षा, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
नगर परिषद ठीकरी में विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें वार्ड क्रमांक 01 में सांसद निधि से शिव मंदिर निर्माण, वार्ड क्रमांक 04 में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत सामुदायिक शौचालय निर्माण, वार्ड क्रमांक 10 में निकाय निधि से प्लेटफॉर्म निर्माण, वार्ड क्रमांक 12 में पेवर रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 14 में सीसी रोड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक स्थापना तथा वार्ड क्रमांक 02 में गोपी विहार गार्डन का विकास कार्य शामिल है।

इसके अतिरिक्त सरस्वती शिशु मंदिर, ठीकरी में सांसद विकास निधि से 8 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, ठीकरी एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय, ठीकरी के भवनों तथा वार्ड क्रमांक 12 में सीसी रोड का लोकार्पण किया गया।

इन विकास कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से नगरवासियों को लाभमिलेगा। गार्डन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों के विकास से नागरिकों को बेहतर परिवेश उपलब्ध होगा। ग्राम पंचायतों को वितरित पानी के टैंकरों से ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग मिलेगा।

विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा देश: सांसद पटेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। देश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के निरंतर विस्तार से प्रगति के नए मार्ग खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने का लक्ष्य जनभागीदारी, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से ही सिद्ध होगा। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को एकजुट होकर राष्ट्रहित व जन-कल्याण के कार्यों में सहभागिता निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत व जनपद प्रतिनिधियों, नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!