पाटी के हरला और रोसर गांव में पुलिस का जनसंवाद, आमजन की समस्याएं सुनकर मौके पर किया निराकरण
साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर ग्रामीणों को किया गया जागरूक

पाटी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में समस्त थाना प्रभारियों द्वारा प्रतिदिन जनसंवाद के माध्यम से आमजन की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बड़वानी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में 4 अगस्त 2026 को थाना पाटी पुलिस टीम द्वारा ग्राम हरला एवं ग्राम रोसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना, नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना तथा उनका त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना रहा। जनसंवाद के दौरान दोनों ग्रामों के सरपंच, ग्रामीण बुजुर्गों, युवाओं एवं महिलाओं ने अपनी समस्याएं पुलिस टीम के समक्ष रखीं। पुलिस ने शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना तथा अधिकांश मामलों का मौके पर ही तात्कालिक निराकरण किया।

साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा पर किया जागरूक
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल, ओटीपी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया तथा अवैध शराब की बिक्री या परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा डायल 112 की जानकारी दी गई। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तीन सवारी नहीं बैठाने तथा बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की जनसंवाद पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर पुलिस अधिकारियों के आने से सीधे संवाद का अवसर मिला है, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। जनसंवाद कार्यक्रम में थाना पाटी का पुलिस बल, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, कोटवार तथा बड़ी संख्या में ग्राम हरला एवं ग्राम रोसर के ग्रामीण उपस्थित रहे।



