खेतिया में कानबाई माता महोत्सव पर भक्ति का संगम, अनुराधा पौडवाल के भजनों से गूंजेगी मंडी
कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में शनिवार को होगा आयोजन, नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल।

खेतिया। शंकर शिरसाठ। में आराध्य देवी कानबाई माता के पावन पर्व पर शनिवार को भव्य भजन संध्या आयोजित होगी। कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में होने वाले आयोजन में प्रसिद्ध भजन गायिका अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम को लेकर खानदेश-निमाड़ और सीमावर्ती क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में उत्साह है।

अनुराधा पौडवाल देंगी भक्ति गीतों की प्रस्तुति
खेतिया। आराध्य देवी कानबाई माता के पावन पर्व के अवसर पर नगर खेतिया में शनिवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौडवाल अपनी सुमधुर आवाज में माता के भजनों, कृष्ण भजनों एवं लोकप्रिय भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगी।

खानदेश-निमाड़ और सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्साह
कार्यक्रम को लेकर खेतिया सहित खानदेश-निमाड़ अंचल और महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, संतजन एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।
मंच, साउंड और बैठने की व्यापक व्यवस्था
आयोजनकर्ता माँ गंगा रिसोर्ट परिवार द्वारा मंडी प्रांगण में भव्य मंच, साउंड एवं लाइटिंग के साथ श्रद्धालुओं के बैठने की व्यापक व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती का प्रयास
माँ गंगा रिसोर्ट के संचालक दयाराम महाजन ने बताया कि कानबाई माता खेतिया सहित पूरे खानदेश-निमाड़ अंचल की आराध्य कुलदेवी हैं। माता के आशीर्वाद से प्रतिवर्ष धार्मिक आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में भक्ति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है।
आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी जनता, मातृशक्ति एवं युवाओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर भजन संध्या का लाभ लेने की अपील की है।



