बड़वानी में स्मार्ट मीटर के बढ़े बिलों पर लोगों का आक्रोश, 10 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
200 से 500 रुपए के बिल अब हजारों में आने का दावा, समाजसेवी मुनीरा सालीवाला के नेतृत्व में कार्यपालन यंत्री कार्यालय पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

आपके कार्यालय, समाज और धार्मिक आयोजनों की खबरें ( फोटो, वीडियो व जानकारी ) हमें वॉटसअप पर भेजें। आवश्यक संपादन के बाद हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।
रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल बढ़ने को लेकर लोगों में नाराजगी सामने आई। इसी समस्या को लेकर कार्यपालन यंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर बढ़े हुए बिलों की समस्या के निराकरण की मांग की गई। 10 दिनों में समाधान नहीं होने पर आगे आंदोलन की चेतावनी दी गई।
स्मार्ट मीटर के बाद बढ़े बिलों को लेकर नाराजगी
बड़वानी में स्मार्ट मीटर से आ रहे बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर समाजसेवी मुनीरा सालीवाला के नेतृत्व में कार्यपालन यंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का निराकरण करने का निवेदन किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली बिल बढ़ गए हैं। लोगों के घरों में जहां पहले 200 से 500 रुपए तक के बिजली बिल आते थे, अब हजारों रुपए के बिल आने की बात कही गई है।

132 यूनिट पर 1080 रुपए का बिल
लोगों ने बताया कि एक बुजुर्ग के घर 132 यूनिट बिजली खपत पर भी 1 हजार 80 रुपए का बिल आया। वहीं सोलर लगाने के बाद भी 3 हजार 500 रुपए का बिजली बिल आने की बात सामने आई। इसे लेकर लोगों में आक्रोश नजर आया।
10 दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
समाजसेवी मुनीरा सालीवाला के नेतृत्व में कार्यपालन यंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निराकरण करने का निवेदन किया गया। ज्ञापन के दौरान कहा गया कि 10 दिनों में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आगे बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
समस्या का समाधान करेंगे-
विद्युत कंपनी के कार्यपालन यंत्री कैलाश चोपड़ा ने बताया कि स्मार्ट मीटर फास्ट चलने जैसी कोई बात नहीं है, जिन लोगो के द्वारा शिकायत की गई है, उनके मीटर की जांच करवा ली जाएगी। आवश्यकता होने पर मीटर को लैब भेज कर जांच कराई जाएगी। उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।



