मालवा-निमाड़

बड़वानी में हत्या के प्रयास के तीन आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन हवालात और त्रिनेत्रम् से कोतवाली पुलिस को मिली सफलता

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस, एसपी ने घोषित किया था ₹5 हजार का इनाम

जनोदय पंच। बड़वानी कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन हवालात के तहत हत्या के प्रयास के मामले में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

जिला बड़वानी में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में “ऑपरेशन हवालात” के तहत फरार एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के प्रकरण में फरार तीन अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ₹5 हजार के इनाम की घोषणा की थी।

मारपीट के बाद दर्ज हुआ प्रकरण

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को फरियादी ने थाना कोतवाली बड़वानी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जुलाई 2026 को वह अपने दो भाइयों और एक दोस्त के साथ घर लौट रहा था। सेगांव फाटे के पास पेट्रोल पंप के सामने तीन युवक गाली-गलौज कर रहे थे। फरियादी के भाई प्रदीप द्वारा उन्हें मना करने पर तीनों ने मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल प्रदीप का उपचार जारी है। मामले में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 296(बी), 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य बने अहम कड़ी

घटना रात्रि के समय होने और आरोपी अज्ञात होने के कारण पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत आमजन द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे इस जांच में महत्वपूर्ण साबित हुए। सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल जब्त की गई।

तीनों आरोपी न्यायालय में पेश, पुलिस ने युवाओं से की अपील

गिरफ्तार आरोपियों में सोनू उर्फ बा पिता संतोष परिहार, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बड़वानी, विरू उर्फ भूरा उर्फ भूरू पिता सूरज कुंडे, निवासी न्यू सोरठ मोहल्ला बड़वानी तथा कुंदन पिता रमेश वर्मा, उम्र 26 वर्ष, निवासी रानीपुरा बड़वानी शामिल हैं। तीनों आरोपियों को 15 जुलाई 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें सेंट्रल जेल बड़वानी भेज दिया गया। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि उत्सव, मनोरंजन और आपसी मेल-जोल के दौरान संयम बनाए रखें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे आमजन को परेशानी हो। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली श्री बलजीत सिंह, उपनिरीक्षक श्री रवि ठाकुर, उपनिरीक्षक श्री कमल मोरे, सहायक उपनिरीक्षक श्री दीपक ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्री जगजोध सिंह, आरक्षक श्री आत्माराम, आरक्षक श्री मुकेश खत्री, आरक्षक श्री हितेंद्र एवं आरक्षक श्री पुरुषोत्तम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!